Tuesday

28-10-2025 Vol 19

इंदौर में भाजपा की बड़ी बैठक: सीएम मोहन यादव और वसुंधरा राजे की उपस्थिति में अंबेडकर सम्मान अभियान का आयोजन

इंदौर, 29 अप्रैल 2025 – भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत आज इंदौर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजेविशेष रूप से शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री यादव सुबह 11:45 बजे इंदौर पहुंचे और दोपहर 1:15 बजे भोपाल रवाना होने से पहले रविंद्र नाट्यगृह में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा साहब अंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालना था।

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि यह अभियान अंबेडकर जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अतीत में अंबेडकर और उनके संविधान को उचित सम्मान नहीं दिया गया।

भाजपा प्रवक्ता रितेश तिवारी ने बताया कि यह अभियान 13 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमाओं की सफाई और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ था। 14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का पाठ और माल्यार्पण किया गया। इस दौरान 340 शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें अंबेडकर के जीवन व कार्यों पर आधारित चर्चा, सम्मान समारोह और जनजागरूकता सभाएँ शामिल थीं।

इस अभियान के माध्यम से भाजपा ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल्यों को आम लोगों तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।

newsdhamaka00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *